रविवार, 23 सितंबर 2012

पूना पैकट दलित गुलामी का दस्तावेज़



पूना पैकट दलित गुलामी का दस्तावेज़
एस.आर.दारापुरी. राष्ट्रीय प्रवक्ता, आल इंडिया पीपुल्ज़ फ्रंट
(24 सितंबर को पूना पैक्ट दिवस पर विशेष)
भारतीय हिन्दू समाज में जाति को आधारशिला माना गया है. इस में श्रेणीबद्ध असमानता के ढांचे में अछूत सबसे निचले स्तर पर हैं जिन्हें 1935 तक सरकारी तौर पर ' डिप्रेस्ड क्लासेज' कहा जाता था. गांधी जी ने उन्हें 'हरिजन' के नाम से पुरस्कृत किया था जिसे अधिकतर अछूतों ने स्वीकार नहीं किया था. अब उन्होंने अपने लिए 'दलित' नाम स्वयम   चुना है जो उनकी पददलित स्थिति का परिचायक है. वर्तमान  में वे भारत की कुल आबादी का लगभग छठा भाग (16.20 %) तथा  कुल हिन्दू आबादी का पांचवा भाग (20.13 %) हैं. अछूत सदियों से हिन्दू समाज में सभी प्रकार के सामाजिक, धार्मिक, आर्थिक व शैक्षिक अधिकारों से वंचित रहे हैं और काफी हद तक आज भी हैं.
दलित कई प्रकार की वंचनाओं एवं निर्योग्यताओं को झेलते रहे हैं.  उनका हिन्दू समाज एवं राजनीति में बराबरी का दर्जा पाने के संघर्ष का एक लम्बा इतिहास रहा है. जब श्री. ई.एस. मान्तेग्यु, सेक्रेटरी ऑफ़ स्टेट फॉर इंडिया,  ने  पार्लियामेंट में 1917 में यह महत्वपूर्ण घोषणा की कि "अंग्रेजी सरकार का अंतिम लक्ष्य भारत को डोमिनियन स्टेट्स देना है तो दलितों ने बम्बई में दो मीटिंगें करके अपना मांग पत्र वाइसराय तथा भारत भ्रमण पर भारत आये सेक्रेटरी ऑफ़ स्टेट फॉर इंडिया को दिया. परिणामस्वरूप निम्न जातियों को विभिन्न प्रान्तों में अपनी समस्यायों को 1919 के भारतीय संवैधानिक सुधारों के पूर्व भ्रमण कर रहे कमिशन को पेश करने का मौका मिला.
तदोपरांत विभिन्न कमिशनों , कांफ्रेंसों एवं कौंसिलों  का एक लम्बा एवं जटिल  सिलसिला चला. सन 1918 में मान्तेग्यु चैमस्फोर्ड रिपोर्ट के बाद 1924 में मद्दीमान कमेटी रिपोर्ट आई जिसमें कौंसलों में डिप्रेस्ड क्लासेज के अति अल्प प्रतिनिधित्व और उसे बढ़ाने के उपायों के बारे में बात कही गयी. साईमन कमीशन (1928) ने स्वीकार  किया कि डिप्रेस्ड क्लासेज को पर्याप्त प्रातिनिधित्व दिया जाना चाहिए. सन 1930 से 1932 एक लन्दन में तीन गोलमेज़ कान्फ्रेंसें हुयीं जिन में अन्य अल्प संख्यकों के साथ साथ दलितों के  भी भारत के भावी संविधान के निर्माण में अपना मत देने के अधिकार को   मान्यता मिली. यह एक ऐतहासिक  एवं निर्णयकारी परिघटना थी . इन गोलमेज़  कांफ्रेंसों में डॉ. बी. आर. आंबेडकर तथा राव बहादुर आर. श्रीनिवासन द्वारा  दलितों के प्रभावकारी प्रतिनिधित्व एवं ज़ोरदार प्रस्तुति के कारण 17 अगस्त, 1932 को ब्रिटिश सरकार द्वारा घोषित 'कमिनुअल अवार्ड'  में दलितों को  पृथक निर्वाचन का स्वतन्त्र राजनीतिक अधिकार मिला. इस अवार्ड से दलितों को आरक्षित सीटों पर पृथक निर्वाचन द्वारा अपने प्रतिनिधि स्वयं  चुनने  तथा साथ ही सामान्य जाति के निर्वाचन क्षेत्रों में सवर्णों को चुनने हेतु दो वोट का अधिकार भी प्राप्त हुआ. इस प्रकार भारत के इतिहास में अछूतों को  पहली वार  राजनैतिक स्वतंत्रता का अधिकार  प्राप्त हुआ जो  उनकी मुक्ति का मार्ग प्रशस्त कर  सकता था.
उक्त अवार्ड द्वारा दलितों  को गवर्नमेंट आफ इंडिया एक्ट,1919 में अल्प संख्यकों के रूप में मिली मान्यता के आधार  पर अन्य अल्प संख्यकों - मुसलमानों, सिक्खों, ऐंग्लो इंडियनज तथा कुछ अन्य के साथ साथ पृथक निर्वाचन के रूप में प्रांतीय विधायकाओं एवं केन्द्रीय एसेम्बली हेतु अपने प्रतिनिधि स्वयं  चुनने का अधिकार मिला तथा उन सभी के लिए सीटों की  संख्या निश्चित की  गयी. इसमें अछूतों के लिए 78 सीटें विशेष निर्वाचन क्षेत्रों के रूप में आरक्षित की  गयीं.
गाँधी जी ने उक्त अवार्ड की  घोषणा होने पर यरवदा (पूना) जेल में 18 अगस्त, 1932 को दलितों को मिले पृथक निर्वाचन के अधिकार के विरोध में 20 सितम्बर, 1932 से आमरण अनशन  करने की घोषणा कर दी.  गाँधी जी का मत था कि इससे अछूत हिन्दू समाज से अलग हो जायेंगे  जिससे हिन्दू समाज व हिन्दू धर्म विघटित हो जायेगा. यह ज्ञातव्य है कि उन्होंने मुसलमानों, सिक्खों व ऐंग्लो- इंडियनज को मिले उसी अधिकार का कोई विरोध  नहीं किया था. गाँधी जी ने इस अंदेशे को लेकर 18 अगस्त, 1932 को तत्कालीन ब्रिटिश प्रधान मंत्री, श्री रेम्ज़े मैकडोनाल्ड को एक पत्र भेज कर दलितों को दिए गए पृथक निर्वाचन  के अधिकार को समाप्त करके संयुक्त मताधिकार की  व्यवस्था  करने तथा हिन्दू समाज को विघटन से बचाने की अपील की. इसके उत्तर में ब्रिटिश प्रधान मंत्री ने अपने पत्र दिनांकित 8 सितम्बर, 1932 में अंकित किया, " ब्रिटिश सरकार की  योजना के अंतर्गत दलित वर्ग हिन्दू समाज के अंग बने रहेंगे और वे हिन्दू निर्वाचन के लिए समान  रूप से मतदान करेंगे, परन्तु ऐसी व्यवस्था प्रथम 20 वर्षों तक रहेगी तथा  हिन्दू समाज का अंग रहते हुए  उनके लिए सीमित संख्या में विशेष निर्वाचन क्षेत्र होंगे ताकि  उनके अधिकारों और हितों की रक्षा हो सके. वर्तमान स्थिति में ऐसा करना नितांत आवश्यक हो गया है. जहाँ जहाँ विशेष निर्वाचन क्षेत्र होंगे वहां वहां सामान्य हिन्दुओं के निर्वाचन क्षेत्रों में दलित वर्गों को मत देने से वंचित नहीं किया जायेगा. इस प्रकार दलितों के लिए दो मतों का अधिकार होगा - एक विशेष निर्वाचन क्षेत्र के अपने सदस्य  के लिए और दूसरा हिन्दू समाज के सामान्य सदस्य के लिए. हम ने जानबूझ  कर - जिसे आप ने अछूतों के लिए सम्प्रदायिक निर्वाचन कहा है, उसके विपरीत फैसला दिया है. दलित वर्ग के  मतदाता सामान्य अथवा हिन्दू निर्वाचन क्षेत्रों में सवर्ण  उमीदवार को मत दे सकेंगे तथा सवर्ण हिन्दू  मतदाता दलित वर्ग के उमीदवार को उसके निर्वाचन क्षेत्र में मतदान क़र सकेंगे. इस प्रकार हिन्दू समाज की  एकता को सुरक्षित रखा गया है." कुछ अन्य तर्क देने के बाद उन्होंने गाँधी जी से  आमरण अनशन छोड़ने का आग्रह किया था.
परन्तु गाँधी जी ने प्रत्युत्तर में आमरण अनशन को अपना पुनीत धर्म मानते हुए कहा कि दलित वर्गों को केवल दोहरे  मतदान का अधिकार  देने से उन्हें तथा हिन्दू समाज को छिन्न - भिन्न  होने से नहीं रोका जा सकता. उन्होंने आगे कहा, " मेरी समझ में दलित वर्ग के लिए पृथक निर्वाचन की  व्यवस्था  करना हिन्दू धर्म  को बर्बाद करने का इंजेक्शन लगाना है. इस से दलित वर्गों का कोई लाभ नहीं होगा." गंधी जी ने इसी प्रकार के तर्क दूसरी और तीसरी गोल मेज़ कांफ्रेंस में भी दिए थे जिसके प्रत्युत्तर में डॉ. आंबेडकर ने गाँधी जी के दलितों के भी अकेले प्रतिनिधि और उनके शुभचिन्तक होने के दावे को नकारते हुए उनसे दलितों के राजनीतिक अधिकारों का विरोध न करने का अनुरोध किया था. उन्होंने यह भी कहा था कि फिलहाल दलित केवल स्वतन्त्र राजनीतिक अधिकारों की  ही मांग कर रहे हैं न कि हिन्दुओं  से अलग हो कर अलग देश बनाने की. परन्तु गाँधी जी का सवर्ण हिन्दुओं के हित को सुरक्षित रखने और अछूतों को  हिन्दू समाज का गुलाम बनाये रखने का स्वार्थ था. यही कारण था कि उन्होंने सभी तथ्यों व तर्कों को नकारते हुए 20 सितम्बर, 1932 को अछूतों के पृथक निर्वाचन के अधिकार के विरुद्ध आमरण अनशन शुरू कर दिया. यह एक विकट स्थिति थी. एक तरफ गाँधी जी के पक्ष में एक विशाल शक्तिशाली हिन्दू समुदाय था,  दूसरी  तरफ डॉ. आंबेडकर और अछूत  समाज. अंतत  भारी  दबाव  एवं   अछूतों के संभव जनसंहार के भय तथा  गाँधी जी की जान बचाने के उद्देश्य से डॉ. आंबेडकर तथा उनके  साथियों को दलितों के पृथक निर्वाचन के अधिकार  की बलि देनी पड़ी और सवर्ण हिन्दुओं से 24 सितम्बर, 1932 को  तथाकथित पूना पैक्ट करना पड़ा. इस प्रकार अछूतों को गाँधी जी की जिद्द के कारण अपनी राजनैतिक आज़ादी के अधिकार को खोना पड़ा.
यद्यपि पूना पैक्ट  के अनुसार दलितों के लिए ' कम्युनल अवार्ड' में सुरक्षित   सीटों की संख्या बढ़ा कर 78 से 151 हो गयी परन्तु संयुक्त निर्वाचन के कारण उनसे अपने प्रतिनिधि स्वयं चुनने का अधिकार छिन्न  गया जिसके दुष्परिणाम आज तक दलित समाज झेल रहा है. पूना पैकट के प्रावधानों को गवर्नमेंट आफ इंडिया एक्ट, 1935 में शामिल करने के बाद सन 1937 में प्रथम चुनाव संपन्न हुआ जिसमें  गाँधी जी के दलित प्रतिनिधियों को कांग्रेस द्वारा कोई भी दखल न देने के दिए गए आश्वासन के बावजूद कांग्रेस ने 151 में से 78 सीटें हथिया लीं क्योंकि संयुक्त निर्वाचन प्रणाली में दलित पुनः सवर्ण वोटों पर निर्भर हो गए थे. गाँधी जी और कांग्रेस के इस छल से खिन्न होकर डॉ. आंबेडकर ने कहा था, " पूना पैकट  में दलितों के साथ बहुत बड़ा धोखा हुआ है."
कम्युनल अवार्ड के माध्यम से अछूतों के पृथक निर्वाचन के रूप में अपने प्रतिनिधि स्वयं चुनने  और दोहरे वोट के अधिकार से सवर्ण हिन्दुओं की भी दलितों पर निर्भरता से दलितों का स्वंतत्र राजनीतिक अस्तित्व  सुरक्षित रह सकता था  परन्तु  पूना पैक्ट  करने की विवशता ने दलितों को फिर से सवर्ण हिन्दुओं का गुलाम बना दिया. इस व्यवस्था  से आरक्षित सीटों पर  जो सांसद या विधायक चुने जाते हैं वे वास्तव में दलितों द्वारा न चुने जा कर विभिन्न राजनैतिक पार्टियों एवं सवर्णों द्वारा चुने जाते हैं जिन्हें उन का गुलाम/ बंधुआ बन कर रहना पड़ता है. सभी राजनैतिक पार्टियाँ गुलाम मानसिकता वाले ऐसे प्रतिनिधियों पर  कड़ा नियंत्रण रखती हैं और पार्टी लाइन से हट कर किसी भी दलित मुद्दे को उठाने या उस पर  बोलने की इजाजत नहीं देतीं. यही कारण है कि लोकसभा तथा विधान सभायों में दलित प्रतिनिधियों कि स्थिति महाभारत  के भीष्म पितामह जैसी रहती है जिस ने  यह पूछने पर कि " जब कौरवों के दरबार में द्रौपदी का चीरहरण हो रहा था तो आप क्यों नहीं बोले?" इस पर उन का उत्तर था, " मैंने कौरवों का नमक खाया था."
वास्तव में कम्युनल अवार्ड से दलितों को स्वंतत्र राजनैतिक अधिकार प्राप्त हुए थे जिससे वे  अपने प्रतिनिधि स्वयं चुनने के लिए सक्षम हो गए थे और वे उनकी आवाज़ बन सकते थे. इस के साथ ही दोहरे वोट के अधिकार के कारण सामान्य निर्वाचन क्षेत्र में सवर्ण  हिन्दू भी उन पर निर्भर रहते  और दलितों को नाराज़ करने की हिम्मत नहीं करते. इस से हिन्दू समाज में एक नया समीकरण बन सकता था जो दलित मुक्ति का रास्ता प्रशस्त करता. परन्तु गाँधी जी ने हिन्दू समाज और हिन्दू धर्म  के विघटित होने की  झूठी दुहाई दे कर तथा आमरण अनशन का अनैतिक हथकंडा अपना कर दलितों की राजनीतिक स्वतंत्रता का हनन कर लिया जिस कारण दलित फिर से सवर्णों  के राजनीतिक गुलाम बन गए. वास्तव  में गाँधी जी की चाल काफी हद तक राजनीतिक भी थी जो कि बाद में उनके एक अवसर पर सरदार पटेल को कही गयी इस  बात से भी स्पष्ट है:
" अछूतों के अलग मताधिकार के परिणामों से मैं भयभीत हो उठता हूँ. दूसरे वर्गों के लिए अलग निर्वाचन अधिकार के बावजूद भी मेरे पास उनसे सौदा करने की गुंजाइश रहेगी परन्तु मेरे पास अछूतों से सौदा करने का कोई साधन नहीं रहेगा. वे नहीं जानते कि पृथक निर्वाचन हिन्दुओं को इतना बाँट देगा कि उसका अंजाम खून खराबा होगा. अछूत गुंडे मुसलमान गुंडों से मिल जायेंगे और हिन्दुओं को मारेंगे. क्या अंग्रेजी  सरकार को इस का कोई अंदाज़ा नहीं है? मैं ऐसा नहीं सोचता." (महादेव  देसाई, डायरी, पृष्ट 301,  प्रथम खंड).
गाँधी जी के इस सत्य कथन से आप गाँधी जी द्वारा अछूतों को पूना पैक्ट  करने के लिए बाध्य करने के असली उद्देश्य का अंदाज़ा लगा सकते हैं.
दलितों की संयुक्त  मताधिकार व्यवस्था के कारण सवर्ण हिन्दुओं पर निर्भरता के फलस्वरूप  दलितों की कोई भी राजनैतिक पार्टी पनप नहीं पा  रही है चाहे वह डॉ. आंबेडकर द्वारा स्थापित  रिपब्लिकन पार्टी ही क्यों न हो. इसी कारण डॉ. आंबेडकर को भी दो बार चुनाव में हार का मुंह देखना पड़ा क्योंकि आरक्षित सीटों पर  सवर्ण वोट ही निर्णायक होता है. इसी कारण सवर्ण पार्टियाँ ही अधिकतर आरक्षित सीटें जीतती हैं. पूना पैक्ट के इन्हीं दुष्परिणामों के कारण ही डॉ. आंबेडकर ने संविधान में राजनैतिक आरक्षण को केवल 10 वर्ष तक ही जारी रखने की बात कही थी. परन्तु विभिन्न राजनीतिक पार्टियाँ इसे दलितों के हित में नहीं बल्कि अपने स्वार्थ के लिए अब तक लगातार 10-10 वर्ष तक  बढाती  चली आ रही हैं क्योकि इस से उन्हें अपने मनपसंद और गुलाम  दलित सांसद और विधायक चुनने की सुविधा रहती है.
सवर्ण हिन्दू राजनीतिक पार्टियाँ दलित नेताओं को खरीद लेती हैं और दलित पार्टियाँ कमज़ोर हो कर टूट जाती  हैं. यही कारण है की  उत्तर भारत में तथाकथित दलितों की कही जाने वाली बहुजन समाज पार्टी भी ब्राह्मणों और बनियों के पीछे घूम रही है और " हाथी नहीं गणेश है, ब्रह्मा, विष्णु, महेश है" जैसे नारों को स्वीकार करने के लिए वाध्य है. अब तो उसका रूपान्तार्ण बहुजन से सर्वजन में हो गया है. इन परिस्थितयों के कारण दलितों का बहुत  अहित हुआ है वे राजनीतिक तौर प़र  सवर्णों  के गुलाम बन कर रह गए हैं. अतः इस सन्दर्भ  में पूना पैक्ट के औचित्य की समीक्षा करना समीचीन होगा. क्या दलितों को पृथक निर्वाचन की मांग पुनः उठाने के बारे में नहीं सोचना चाहिए?
 यद्यपि पूना पैक्ट की शर्तों में छुआ-छूत को समाप्त करने, सरकारी सेवाओं में आरक्षण देने तथा दलितों की शिक्षा के लिए बजट का प्रावधान करने की बात थी परन्तु आजादी के 65 वर्ष बाद भी उनके किर्यान्वयन की स्थिति  दयनीय ही है. डॉ. आंबेडकर ने अपने इन  अंदेशों को पूना पैक्ट के अनुमोदन हेतु बुलाई गयी  25 सितम्बर, 1932 को बम्बई में सवर्ण हिन्दुओं की बहुत बड़ी मीटिंग में व्यक्त करते हुए कहा था, " हमारी एक ही चिंता है. क्या हिन्दुओं की भावी पीढियां इस समझौते का अनुपालन करेंगी ? " इस पर सभी सवर्ण हिन्दुओं ने एक स्वर में कहा था, " हाँ, हम करेंगे." डॉ. आंबेडकर ने यह भी कहा था, " हम देखते हैं कि दुर्भाग्यवश हिन्दू सम्प्रदाय एक संघटित समूह नहीं है बल्कि विभिन्न सम्प्रदायों की फेडरेशन  है. मैं आशा  और विश्वास करता हूँ कि आप अपनी तरफ से इस अभिलेख को पवित्र मानेंगे तथा एक सम्मानजनक भावना  से काम करेंगे." क्या आज सवर्ण हिन्दुओं को अपने पूर्वजों द्वारा दलितों के साथ किये गए इस समझौते को ईमानदारी से लागू करने के बारे में थोडा  बहुत आत्म चिंतन नहीं करना चाहिए. यदि वे इस समझौते को ईमानदारी से लागू करने में अपना अहित देखते हैं तो क्या उन्हें दलितों के पृथक निर्वाचन का राजनैतिक अधिकार लौटा नहीं देना चाहिए? मेरे विचार में अब समय आ गया है जब दलितों को संगठित हो कर आरक्षित सीटों पर वर्तमान संयुक्त चुनाव प्रणाली की जगह पृथक चुनाव प्रणाली की मांग उठानी चाहिए ताकि वे अपने प्रतिनिधियों को सवर्णों की जगह स्वयम चुनने में सक्षम हो सकें.  

गुरुवार, 13 सितंबर 2012

 पदोन्नति में आरक्षण क्यों ?
एस. आर. दारापुरी आई. पी. एस. ( से. नि.)

इधर कुछ दिनों से पूरे देश में  सरकारी नौकरियों में पदोन्नति में आरक्षण के बारे में काफी गंभीर चर्चा चल रही है.  एक ओर जहाँ इस के पक्षधर इस के पक्ष में धरने प्रदर्शन क़र रहे हैं वहीँ दूसरी ओर इस के विरोधी भी उतने ही उग्र रूप से इस का विरोध कर रहे है. कुछ लोग इस बहाने पूरी आरक्षण व्यस्था पर ही  प्रशन चिन्ह लगा रहे हैं. अधिकतर राजनीतिक पार्टियाँ  न चाहते हुए भी इस के समर्थन में खड़ी हैं क्योंकि कोई भी विशाल दलित वर्ग को नाराज़ करने की हिम्मत  नहीं दिखा पा रहा है. केवल  मुलायम सिंह की समाजवादी पार्टी  ही ऐसी पार्टी है जो कि इस का खुला विरोध  कर रही है. दूसरी ओर उस ने पैंतरा बदल कर अब डी.एम.के. पार्टी के साथ मिल कर  पिछड़ों के लिए भी पदोन्नति में आरक्षण की मांग की है जिस का समर्थन लालू प्रसाद  यादव और शरद यादव ने भी किया है. एक ओर जहाँ कोंग्रेस इस सम्बन्ध में आधा अधूरा संविधान  संशोधन ला कर दलित हितैषी होने का दिखावा कर रही है वहीँ मायावती  बड़ा शोर शराबा करके  दलितों  की एकल उद्धारक  होने की दावेदारी  जिता रही है. हाल में समाप्त हुए संसद के सत्र में कोंग्रेस् ने कोयले के घोटाले के मामले में अपना पीछा छुड़ाने के लिए जल्दी जल्दी एक अधकचरा संविधान संशोधन पेश करके यह जिताने की कोशिश की है की वह तो  पदोन्नति में आरक्षण को बहाल करना चाहती है परंतु भाजपा ऐसा नहीं होने दे रही है.  मायावती जिसने अपने पांच साल के मुख्यमंत्री काल में सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के सम्बन्ध में कोई भी कार्रवाही न करके अब  दलितों को फिर से रिझाने के लिए हल्ला गुल्ला शुरू किया है. यदि मायावती ने यह तत्परता पिछले पॉँच साल में दिखाई होती तो शायद अब तक इस का कोई   न कोई समधान् हो गया होता. बहरहाल सभी राजनीतिक पार्टियाँ आरक्षण की राजनीति करके अपने अपने वोट बैंक को लुभाने की कोशिश कर रही हैं. इस पूरे हंगामे के दौरान पदोन्नति में आरक्षण के औचित्य का प्रशन बार बार उभर कर आ रहा है. अतः इस प्रशन के कुछ महत्वपूर्ण  पहलुओं  पर समुचित विचार करना उपयुक्त होगा.

सबसे पहले पदोन्नति में आरक्षण के औचित्य प़र चर्चा की जाये .  दलितों के लिए आरक्षण की  वर्तमान  व्यवस्था  वैसे तो पूना पैकट  के अनुपालन में गवर्नमेंट आफ इंडिया एक्ट १९३५ में की गयी और इन जातियों की अनुसूची  तैयार की गयी थी जो कुछ संशोधनों के साथ आज भी लागू  है. यद्यपि उस समय इस का कोई प्रतिशत निर्धारित नहीं किया गया था फिर भी  इन वर्गों  को यथासंभव  प्रतिनिधित्व देने की बात कही  गयी थी. इस के बाद १९४२ में जब बाबा साहेब वाईसराय के एक्जीक्युटिव कोंसिल के श्रम सदस्य बनाए  गए तो उन्होंने दलितों  की शिकायतों के बारे में वाईसराय को  एक प्रत्यावेदन दिया जिस में अन्य मांगों के इलावा दलितों के लिए सरकारी नौकरियों में आरक्षण का प्रतिशत निश्चित करने की मांग भी  की गयी. परिणामस्वरूप १९४२ में पहली बार दलितों के लिए सरकारी नौकरियों में ८-१/२ प्रतिशत का प्राविधान किया गया. आज़ादी  बाद के भारत के संविधान में दलितों ( अनुसूचित जातियों/ जन जातियों ) के लिए सरकारी नौकरियों में  तमाम विरोधों के बावजूद पूना पैक्ट के अनुपालन में  आरक्षण की व्यवस्था  की गयी.

शुरू से ही आरक्षण का विरोध होता रहा  है. इस में कांग्रेस  सब से बड़ी दोहरी चाल चलती रही है. जहाँ एक ओर वह संविधान में आरक्षण के किर्यान्वयन के अनुपाल में  समय समय पर शासनादेश तो जारी करती रही वहीं दूसरी ओर सवर्ण कार्मचारियों से अदालतों में मुकदमे दायर करवा क़र स्थगन आदेश प्राप्त कर उस को निष्फल करती रही है. यह कोई आश्चर्य की बात नहीं है कि संविधान के लागू होने के अगले साल १९५१ में जब आरक्षण को चुनौती दी गयी तो सुप्रीम  कोर्ट ने इसे समानता के अधिकार के विरुद्ध होने के कारण रद कर दिया. इस लिए आरक्षण को बचाने के लिए सबसे प्रथम संविधान संशोधन करके धारा १५(४) को शामिल किया गया. इस प्रकार सरकार की छदम विरोध की  नीति और सवर्णों के इसके व्यापक विरोध तथा अदालतों के आरक्षण विरोधी  फैसलों के कारण दलितों  को वांछित सीमा तक प्रतिनिधित्व  नहीं मिल सका. वर्ष १९५७  में यह पाया गया कि एक ओर  जहाँ पर विभिन्न कारणों से दलितों का आरक्षण कोटा पूरा नहीं हो रहा है वहीँ पर उन की उच्च पदों पर उपस्थिति लगभग शून्य है. अतः इस हेतु १९५७  में दलितों के लिए सीधी भर्ती के साथ साथ पदोन्नति में आरक्षण का प्राविधान किया गया. पदोन्नति में आरक्षण के पीछे  मुख्य कारण यह था कि दलित  वर्गों के अधिकतर कर्मचारी शैक्षिक पिछड़ेपन के कारण तथा उनके के लिए आयु सीमा में छूट के कारण अधिक आयु में नौकरी में प्रवेश  करते हैं . इस लिए वे सवर्ण जातियों के कर्मचारियों के मुकाबले में जल्दी रिटायर हो जाते हैं  और सामान्य पदोन्नति  प्रक्रिया  में उच्च पदों पर नहीं पहुँच पाते हैं. यह सर्वविदित है कि प्रशासन में सभी प्रकार का नीति निर्धारण और निर्णय  उच्च पदों पर ही होता  हैं. अतः दलितों की उच्च पदों प़र अनुपस्थिति आरक्षण के मंतव्य को पूरा करने में सफल नहीं हो रही है. यही कारण था कि  डॉ. आंबेडकर बार बार दलितों को  "मार  वाले  ' ( प्रभावशाली)  पदों पर पहुँचने पर बल देते थे परन्तु तत्कालीन व्यवस्था में ऐसा होना  संभव नहीं था. अतः दलितों को पदोन्नति में आरक्षण  देने का मुख्य कारण उन्हें उच्च पदों पर पहुँचाना था ताकि वे भी नीति निर्धारण एवं निर्णय लेने में भागीदारी कर सकें जिस से दलितों के हितों का संरक्षण एवं संवर्धन हो सके जो कि आरक्षण का मुख्य ध्येय है. यह भी अश्चार्य्जनक है कि आरक्षण के लगभग ६२ वर्ष तक लागू रहने के फलस्वरूप  भारत सरकार की नौकरियों में अब तक प्रथम श्रेणी के पदों में केवल १२% तक ही आरक्षण की पूर्ती हुई है.

उच्च पदों पर दलितों के वर्तमान प्रतिनिधितव के सम्बन्ध में  लोक सभा में दिए गए आंकड़ों से यह ज्ञात हुआ है कि इस समय इन में सचिव स्तर के १४९ पदों में एक भी अनुसूचित जाति का अधिकारी नहीं है जबकि अनुसूचित जनजाति के केवल ४ अधिकारी है. इसी प्रकार अतिरिक्त सचिव के १०८ पदों में केवल ४, संयुक्त सचिव के ४७७ पदों में केवल ३१ (६.५%) अनुसूचित जाति तथा १५ (३.१%) अनुसूचित जनजाति तथा निदेशक स्तर के ५९० पदों में केवल १७ (२.९%) अनुसूचित जाति और ७ (१.२%)  अनुसूचित जनजाति के हैं जबकि इन सेवाओं में इनके लिए अनुसूचित जाति के लिए १५% तथा अनुसूचित जनजाति के लिए ७.५ % का आरक्षण है. यह सभी जानते हैं के सरकारी तंत्र में केवल यह पद ही अति महत्वपूर्ण हैं क्योंकि इन स्तरों पर ही नीति निर्धारण, नियोजन और निर्णय लेने का काम होता है. अतः  इन स्तरों पर दलितों कि उपस्थिति  को सुनश्चित करने के लिए पदोन्नति में आरक्षण बहुत ज़रूरी है.

अब प्रशन यह उठता है कि दलित इन उच्च पदों पर क्यों नहीं पहुँच पा रहे हैं. इस का एक तो मुख्य कारण दलितों में ऐतिहासिक भेदभाव के कारण शिक्षा का अभाव रहा है जिस कारण शुरू शुरू में  इस वर्ग के बहुत कम योग्य अभ्यर्थी उपलब्ध होते थे और काफी आरक्षित पद खाली रह जाते थे. दूसरे भर्ती के माप दंड जानबूझ कर ऐसे रखे जाते थे जो  दलितों के लिए अहितकर होते थे. इस का  सब से बड़ा एक उदाहरण  अखिल भारतीय सेवाओं में प्रारंभ में लिखित  परीक्षा के साथ साथ साक्षात्कार में भी न्यूनतम अंक प्राप्त करने की  अनिवार्यता था.  इस के साथ ही सारी  परीक्षा अंरेज़ी के माध्यम से ही होती  थी.  इस का नतीजा यह होता था कि दलित वर्ग के व्यक्ति अधिकतर ग्रामीण परिवेश के होने के कारण  लिखित परीक्षा  में तो अच्छे अंक प्राप्त  कर लेते थे परन्तु साक्षात्कार में मार खा जाते थे. दूसरे  उचित जानकारी और सुविधायों के अभाव के कारण परीक्षा में देर से भाग लेने के  लिए उन्हें आयु सीमा में छूट का लाभ लेना अनिवार्य हो जाता था. ऐसी परिस्थिति के कारण वे देर से अधिक आयु में नौकरी में आ पाते थे और जल्दी सेवामुक्त  हो जाते थे. सामान्य वर्ग के व्यक्तियों के मुकाबले में पदोन्नति की सामान्य  व्यवस्था के अंतर्गत वे उच्च पदों प़र पहुँचने  से पहले ही सेवामुक्त हो जाते थे. इस प्रकार दलितों के उच्च पदों  पर न पहुँचने के कारण दलित वर्ग के हितों का उचित संरक्षण एवं संवर्धन नहीं हो  पा रहा था. इसी अनुपस्थिति को दूर करने के लिए दलितों के लिए सरकारी सेवाओं में पदोन्नति का प्राविधान किया गया  था जिसकी आज भी आवश्कता है.
इस के अतिरिक्त सामान्य व्यवस्था में ज्येष्ठता अथवा श्रेष्ठता  के आधार पर  पदोन्नति में कर्मचारी की वार्षिक रिपोर्ट का बहुत महत्व होता है. ऐसा देखा गया है की काफी मामलों में जाति पूर्वाग्रह के कारण सवर्ण जाति के अधिकारी दलित जाति के अधीनस्थों को औसत दर्जे की  वार्षिक रिपोर्ट देते हैं जो कि उनकी पदोन्नति में बाधक होती है. इस के अतिरिक्त इसी भावना के अंतर्गत दलित वर्ग के अधिकारियों के विरुद्ध कई बार गलत शिकायतें  करके उनकी पदोन्नति में बाधा खड़ी कर दी जाती है. इस कारण भी  काफी दलित अधिकारी पदोन्नति से वंचित  हो कर निम्न   स्तर पर ही सेवा पूरी करते हैं.

पदोन्नति में आरक्षण के विरुद्ध एक तर्क यह भी दिया जाता है कि इस से सरकारी सेवाओं में जाति भावना उभरेगी जो कि इन  सेवाओं के जाति तथा  सम्प्रदाय  निरपेक्ष चरित्र के लिए हानिकारक होगी. सुनने  में तो यह बात बहुत अच्छी लगती है. परन्तु क्या व्यवहार में सरकारी सेवाएँ वास्तव में जाति अथवा सम्प्रदाय निरपेक्ष हैं. यह सचाई  किसी से भी नहीं छिपी है कि सरकारी सेवाओं का पूरी तरह से जातिकरण और संप्रदायीकरण हो चुका है. यदि ऐसा नहीं है तो फिर  सरकार परिवर्तन के साथ सभी अधिकारी क्यों बदल दिए जाते हैं. कभी कभी तो जाति विशेष के अधिकारी ही सभी महत्वपूर्ण पदों पर दिखाई देते हैं.  हमारे पिछले अनुभव तो इसी तथ्य की पुष्टि करते हैं.  इस के विपरीत अब तक का अनुभव यह दर्शाता है कि आरक्षण के कारण दलितों और पिछड़ों के सरकारी सेवाओं में प्रवेश ने इन्हें अधिक जाति एवं सम्प्रदाय निरपेक्ष बनाया है और उच्च जातियों के वर्चस्व को घटाया है.  अत उच्च  पदों पर इन की उपस्थिति इस प्रक्रिया  को बनाये रखने के लिए बहुत ज़रूरी है क्योंकि इस में उच्च अधिकारियों का  व्यक्तिगत झुकाव और आचरण  बहुत महतवपूर्ण भूमिका निभाता है.
  
दलितों के लिए आरक्षण के सम्बन्ध में अदालतों के निर्णय भी काफी हद तक आरक्षण विरोधी रहे हैं. सबसे पहले तो १९५१ में सुप्रीम कोर्ट द्वारा  पूरे  आरक्षण को ही रद कर दिया गया था जिस कारण सबसे पहला संविधान संशोधन करके धारा १५(४) को लाना पड़ा. दूसरे सरकार द्वारा  जानबूझ कर शासनादेशो में कुछ कमियां छोड़ देने के कारण अदालते बड़ी आसानी से स्थगन आदेश  दे कर आरक्षण को रोकने का काम करती  रही हैं. यह भी एक हकीकत है की मुकदमा करने वाले लोग भी सवर्ण जाति  के होते हैं  और सरकार की तरफ से पैरवी करने वाले वकील भी सवर्ण ही  होते हैं . ऐसी परिस्थिति में अदालतों  से आने वाले निर्णयों  के बारे में आसानी से अन्दाज़ा लगाया जा सकता है. आज भी वही स्थिति है. आरक्षण के मामले में  अदालतों के आरक्षण विरोधी नजरिये की सबसे बड़ी मिसाल मंडल केस  का  १९९० का निर्णय है. यह सभी भलीभांति जानते हैं  कि यह मामला केवल पिछड़ी जातियों को दिए गए आरक्षण के बारे  में ही था परन्तु इस में भी सुप्रीम कोर्ट ने मुद्दे से बाहर जा कर दलितों के पदोन्नति के आरक्षण को पॉँच  साल में समाप्त क़र देने का आदेश पारित कर दिया.  इस से पहले वही सुप्रीम कोर्ट कई निर्णयों में यह स्पष्ट कर चुकी थी कि भर्ती में पदोन्नति भी शामिल है जिस कारण पदोन्नति में आरक्षण वैध माना  जाता रहा  है. सुप्रीम कोर्ट का यह निर्णय कितना न्यायोचित था एक विचारणीय विषय है. इस निर्णय को निष्प्रभावी बनाने के लिए १९९५ में संविधान संशोधन करना पड़ा और इस के बाद २००१ में पुनः संविधान संशोधन करके परिणामी ज्येष्ठता का प्राविधान करना पड़ा.

अब अगर सुप्रीम कोर्ट द्वारा वर्ष २००६ में एम् नागराज के मामले में दिए गए निर्णय को देखा जाये तो एक दृष्टि से यह भी मंडल केस निर्णय जैसा ही लगता है. कुछ संविधान विशेषज्ञों  का मत है  कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा अनुसूचित जातियों के आरक्षण पर पिछड़ेपन की लगाई गयी शर्त  अनुचित है. उनका मत है कि यह शर्त केवल पिछड़ी जातियों के आरक्षण पर ही लागू होती है क्योंकि अनुसूचित जातियों के लिए सरकारी नौकरियों में आरक्षण का प्राविधान संविधान की  धारा ३३५ में है जिस में केवल प्रशासन की कार्य क्षमता की ही शर्त है. इस निर्णय में यह भी तर्क दिया गया है कि पदोन्नति में परिणामी ज्येष्ठता से  दलित दूसरों की अपेक्षा शीघ्र  एवं अधिक पदोन्नति पा कर उच्च पदों प़र पहुँच जाते हैं जिस से अन्य वर्गों  के कर्मचारियों  में असंतोष व्याप्त होता है. यह बात तो कुछ हद तक सही है कि जब भी कोई कनिष्ट व्यक्ति पदोन्नति पा कर उच्च पद पर जाता है तो उस से जयेष्ट व्यक्तियों में कुछ न कुछ असंतोष होना स्वाभाविक ही है. परन्तु इस एतिहासिक अन्याय  को भी ध्यान में रखना उचित होगा कि सदियों से सवर्ण लोग दलितों की हिस्सेदारी हड़प कर सत्ता भोगते रहे है. क्या इस से दलितों में कभी कोई क्षोभ अथवा असंतोष  पैदा नहीं हुआ होगा?  इस का अहसास  कभी किसी को क्यों नहीं हुआ? आज अगर  दलित आरक्षण का लाभ उठाकर कुछ उच्च पदों पर पहुँच रहे हैं तो इस से सवर्णों के आक्रोश के बारे  में इतना हल्ला क्यों मचाया जा रहा है. इन लोगों को दलितों के  सदियों से आक्रोश और असंतोष की कभी चिंता क्यों नहीं हुयी. दलित सदियों से इस आक्रोश और अन्याय को चुपचाप झेलते आये हैं. इस सम्बन्ध में माओ- से - तुंग का यह  कथन बहुत ही न्याय संगत  है :
" जब बांस एक दिशा में टेढ़ा हो जाता है तो उसे सीधा करने के लिए उतना ही विपरीत दिशा में मोड़ना पड़ता है."

अतः दलितों के सदियों से हड़पे गए हिस्से उन्हें तभी वापस मिल सकेंगे जब वे  हड़पने वालों से वापस लिए जायेंगे. आरक्षण  दलितों के  कुछ हिस्से  की वापसी मात्र है. प्रशासनिक सत्ता में दलितों की सभी स्तरों पर हिस्सेदारी पदोन्नति में आरक्षण द्वारा ही सुनिशचित हो सकती है तभी हम लोग अपने देश में लक्षित समता मूलक समाज की स्थापना कर पाएंगे.

दीपावली और भारत की सांस्कृतिक विरासत पर विमर्श: बौद्ध परंपराएँ, ब्राह्मणवादी समावेशन और ऐतिहासिक स्मृति की राजनीति — एक आंबेडकरवादी परिप्रेक्ष्य

       दीपावली और भारत की सांस्कृतिक विरासत पर विमर्श: बौद्ध परंपराएँ , ब्राह्मणवादी समावेशन और ऐतिहासिक स्मृति की राजनीति — एक आंबेडकरवाद...