बुधवार, 13 जून 2012

सीमा आजाद को राजद्रोह  के अपराध में उम्र कैद के निहितार्थ
एस. आर. दारापुरी
 सीमा आजाद और उस के पति विशव विजय को ८ जून को इलाहाबाद की अदालत ने राजद्रोह के अपराध में उम्र कैद की सजा दी है जिस के गंभीर निहितार्थ हैं. इस सजा के माध्यम से राज्य ने उन सभी मानवाधिकार कार्यकर्ताओं को यह चेतावनी दी है कि जो लोग दलितों, आदिवासिओं  और अन्य शोषित वर्गों के हितों को बचाने और उन के शोषण के विरुद्ध आवाज़ उठाते हैं उनको इसी प्रकार से झूठे केसों में फंसा कर जेल में डाला जा सकता है.  हम सब लोग जानते हैं कि  सीमा आजाद एक मानवाधिकार कार्य करता है और उसने उत्तर प्रदेश में बालू खनन मजदूरों और आजमगढ़ से पुलिस दुआरा आतंकवाद के नाम पर उठाये गए नौजवानों के मामलों को उठाया था. उसने गंगा एक्सप्रेस वे के नाम पर तत्कालीन मायावती सरकार द्वारा किसानों से छीनी जा रही ज़मीन और पर्यावरण  को संभावित खतरों के मामले को पूरे जोर शोर के साथ उठाया था. तभी से वह और उसका पति विशव विजय सरकार के निशाने पर आ गए थे और पुलिस उन को किसी बड़े केस में फिट करने के मौके की तलाश में थी.

सीमा आजाद और विशव विजय की गिरफ्तारी से एक दिन पहले उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा कानपुर से कुछ तथाकथित  माओवादियों को गिरफ्तार किया गया  था. पुलिस के लिए सीमा आजाद को उन तथाकथित माओवादियों से जोड़ने का और अच्छा मौका क्या हो सकता था. इस लिए उन्होंने अगले ही दिन सीमा और विशव विजय को गिरफ्तार कर कानपुर के मायोवादियों   से जोड़ दिया. सीमा की गिरफ्तारी उस समय की गयी जब वह दिल्ली में विशव पुस्तक मेला  देख कर रेल द्वारा प्रातः इलाहाबाद वापस लौट रही थी और उसके पति उसे रेलवे स्टेशन से लेकर अपने घर वापस आ रहे थे तो तभी रास्ते में ही पुलिस द्वारा उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने सीमा के हैण्ड बैग  और विशव विजय के झोले से माओवादी पर्चे और ३०,००० रुपए बरामद होना दिखाया. ये पर्चे उन्हें कानपुर से एक दिन पहले पकडे गए तथाकथित मायोवादियों  से जोड़ते थे. अब साधारण बुद्धि की बात है कि क्या सीमा आजाद और विशव विजय किसी ऐसे स्थान या परिस्थिति में पकडे गए थे यहाँ पर उनके के पर्स या बैग में प्रतिबंधित मायोवादी संघठन  के पर्चे होने की सम्भावना हो सकती है. सीमा तो विशव पुस्तक मेला देख कर प्रातः की गाड़ी से दिल्ली से वापस आ रही थी और विशव विजय उसे रेलवे स्टेशन से लेने गया था. इस से स्पष्ट है कि पुलिस द्वारा उनसे मायोवादी पर्चों की दिखाई गयी बरामदगी फर्जी है. वास्तव में पुलिस द्वारा ही उनपर यह पर्चे रख कर फर्जी बरामदगी दिखाई गयी है. इस बरामदगी के कोई में स्वंतत्र गवाह नहीं हैं बल्कि इसके पुलिस वाले ही गवाह हैं. मैं अपने पुलिस विभाग में ३२ साल की नौकरी के तजुर्बे से यह कह सकता हूँ कि यह बरामदगी बिलकुल फर्जी  है और यह पर्चे पुलिस द्वारा ही रोपित किये गए थे. इस का मकसद केवल उन्हें कानपुर से गिरफ्तार तथाकथित मायोवादियों से जोड़ना था. मेरा पूरा विश्वास है कि पुलिस अधिकतर इसी प्रकार की फर्जी बरामदगियां दिखा कर निर्दोष लोगों को झूठे केसों में फंसाती है.
सीमा की गिरफ्तारी के अगले  दिन जब हम लोगों ने  लखनऊ से सीमा के पी.यू. सी. एल. की कार्यकर्ता  और  उसके निर्दोष होने का ब्यान दिया तो तत्कालीन मायावती सरकार द्वारा हम लोगों को यह कह  कर धमकी दी गयी कि सरकार मायोवादियों के समर्थकों के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाही कर सकती है. इस के बाद जब हम लोगों ने सीमा के निर्दोष होने के बारे में तत्कालीन अप्पर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) से पी.यू. सी. एल. के प्रतिनिधि मंडल के रूप में मिलने का समय माँगा तो उन्होंने यह क़र मिलने से मना कर दिया कि आप लोग तो मायोवादियों के समर्थक हैं. इस से आप अंदाज़ा  लगा सकते हैं कि वर्तमान सरकारों का मानवाधिकार कार्यकर्ताओं के प्रति कैसा रवैया है. तब से लेकर पी.यू. सी. एल. इलाहाबाद हाई कोर्ट में सीमा की ज़मानत के लिए बराबर कोशिश करती रही परन्तु उसे ज़मानत नहीं दी गयी.
अब अचानक कोर्ट द्वारा सीमा और विशव विजय को देश द्रोह और कुछ अन्य धारायों के अंतर्गत दोषी करार दे कर उम्र कैद की सजा सुना दी गयी है. कोर्ट में पुलिस द्वारा उन पर केवल मायोवादी पर्चों की बरामदगी के सिवाए कोई भी साक्ष्य पेश नहीं किया गया. यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि न्यायालय ने भी पुलिस की फर्जी बरामदगी को साक्ष्य मान कर उन्हें उम्र कैद की सज़ा दी  है और उन पर ७०,००० रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है. अदालत के इस फैसले से तो पुलिस और अदालत के व्यवहार में कोई भी अंतर मालूम नहीं पड़ता है. यह मामला बिलकुल बिनायक सेन के मामले से मिलता जुलता है जिस में उसे भी इसी प्रकार के फर्जी दस्तावेजों  की बरामदगी के आधार पर  उम्र कैद की सजा दी गयी और वे बहुत मुश्किल से सुप्रीम कोर्ट से ज़मानत प़र छूट पाए हैं.

सीमा आजाद और विशव विजय को उम्र कैद की दी गयी सजा के बहुत गंभीर निहितार्थ हैं. एक तो यह है कि पुलिस किसी भी व्यक्ति को जो राज्य का किन्ही कारणों से विरोध कर रहा हो या निर्दोष लोगों को मायोवादी या आतंकवादी कह कर झूठे केसों में फंसाने के विरुद्ध आवाज़ उठा रहा हो उसे झूठे मामले में फंसा कर सजा दिलवा सकती है. दूसरे सब से बड़ी चिंता की बात अदालतों के व्यवहार और आचरण की  है जो कि किसी भी तरह पुलिस से भिन्न दिखाई नहीं देता है. यह देखा गया है कि अधिकतर अदालतें आंख बंद करके पुलिस द्वारा घडी गयी कहानी पर विश्वास करके निर्दोषों को दण्डित कर रही हैं. इस में तो काफी  हद तक राज्य, पुलिस और अदालतों में गठजोड़ की बू आती है. मैंने अपने पुलिस सेवा काल में इस को काफी अंदर  से देखा भी है. मैं जानता हूँ कि किस तरह साम, दाम और दंड भेद  के माध्यम से निचली अदालतों के निर्णय को  प्रभावित किया जाता है. मेरे विचार में  पुलिस  का सामंतवादी और जनविरोधी चरित्र तो सर्वविदित है परन्तु अदालतों का व्यवहार और चरित्र  न्याय और लोकतंत्र के लिए सब से बड़ा खतरा बन गया है. ऐसी परिस्थिति में हमें राज्य और पुलिस  की ज्यादितियों के साथ साथ न्यायपालिका के अन्याय के खिलाफ भी आवाज़ उठानी पड़ेगी वरना हम में से कोई भी राजद्रोह  का दोषी करार दे  कर उम्र कैद से दण्डित किया जा सकता है.

 हम लोगों ने अंग्रेजों के खिलाफ तो आज़ादी के लिए विद्रोह किया था और हमारे कई स्वतंत्रता सेनानी राजद्रोह के आरोप में दण्डित किये गए थे परन्तु अब तो हमारे देश में लोकतंत्र है फिर यहाँ पर राजद्रोह का अपराध कैसे हो सकता है. हमारे लोकतंत्र का यह  सब  से बड़ा दुर्भाग्य  है कि  हमारे वर्तमान शासकों ने सरकार की ज्यादतियों के विरुद्ध आवाज़ उठाने को ही राजद्रोह का अपराध बना दिया है और उस कानून का खुले आम दुरूपयोग हो रहा है. डॉ. आंबेडकर ने ठीक ही कहा था, " मुझे डर है की स्वतन्त्र भारत में गोरे शासकों का स्थान काले शासक ले लेंगे." उनका यह डर बिलकुल सही साबत हुआ है. एक लोकतान्त्रिक देश में राजद्रोह के अपराध की कोई जगह नहीं हो सकती. इस उपनिवेशी कानून को जल्दी से जल्दी ख़त्म करने के लिए लाम बंद होने की ज़रूरत है.
आईये साथिये हम सब  लोग एक साथ खड़े हो कर पुलिस और अदालतों के अन्याय के विरुद्ध लाम बंद हों और सीमा आजाद और विशव विजय की ज़मानत  पर रिहाई के लिए जन आन्दोलन प्रारंभ करें. हम ने अगर ऐसा नहीं किया तो बशीर बदर के लफ़्ज़ों में "आज अगर खामोश रहे तो कल सन्नाटा छाएगा. हर बस्ती में आग लगेगी हर बस्ती जल जाएगी."

गुरुवार, 7 जून 2012

नव बौद्ध हिन्दू दलितों से बहुत आगे - डॉ. शूरा दारापुरी


नव बौद्ध हिन्दू दलितों से बहुत आगे
-डॉ. शूरा दारापुरी

डॉ. बाबा  साहेब भीम राव आंबेडकर  ने 31 मई ,  1936 को दादर (बम्बई ) में  "धर्म परिवर्तन क्यों? " विषय पर बोलते हुए अपने विस्तृत भाषण में कहा था , " मैं स्पष्ट शब्दों में कहना चाहता हूँ कि मनुष्य धर्म  के लिए नहीं बल्कि  धर्म मनुष्य के लिए है. अगर मनुष्यता की प्राप्ति करनी है तो धर्म परिवर्तन करो. समानता और सम्मान  चाहिए तो धर्म परिवर्तन करो. स्वतंत्रता से जीविका  उपार्जन करना चाहते हो धर्म परिवर्तन करो . अपने परिवार और कौम को  सुखी बनाना चाहते हो तो  धर्म परिवर्तन करो." इसी तरह  14 अक्टूबर, 1956 को धर्म परिवर्तन  करने के बाद बाबा साहेब ने कहा था, " आज मेरा नया जन्म हुआ है."

आइए अब देखा  जाये कि बाबा साहेब ने धर्म परिवर्तन के जिन उद्देश्यों और संभावनाओं का ज़िकर किया था, उन की पूर्ती किस हद तक हुयी है और हो रही है. सब  से पहले यह देखना  उचित होगा कि बौद्ध धर्म परिवर्तन कि गति कैसी है. सन 2001 की जन गणना के अनुसार भारत में बौद्धों की जनसँख्या लगभग ८० लाख है जो कि कुल जन संख्या का लगभग 0.8 प्रतिशत है. इस में परम्परागत बौद्धों की जन संख्या बहुत ही कम है और  यह हिन्दू दलितों में से धर्म परिवर्तन करके  बने  नव बौद्ध ही हैं. इस में सब से अधिक बौद्ध महाराष्ट्र में 58.38 लाख, कर्नाटक  में 4.00  लाख और उत्तर प्रदेश में 3.02 लाख हैं. सन 1991 से सन 2001 की अवधि में बौद्धों की जनसँख्या में 24.54% की वृद्धि हुयी है  जो कि बाकी सभी धर्मों में हुयी वृद्धि से अधिक है. इस से स्पष्ट है कि बौद्धों की जन संख्या  में भारी मात्रा में वृद्धि हुयी है.

अब अगर नव बौद्धों  में आये गुणात्मक परिवर्तन की तुलना हिदू दलितों से की जाये तो यह सिद्ध होता है कि नवबौद्ध हिन्दू दलितों से सभी  क्षेत्रों में  बहुत आगे बढ़ गए हैं जिस से बाबा साहेब के धर्म परिवर्तन के उद्देश्यों की पूर्ती होने की पुष्टि होती है. अगर सन 2001 की जन गणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर नव बौद्धों की तुलना  हिन्दू दलितों से की जाये तो नव बौद्ध निम्नलिखित क्षेत्रो में हिन्दू दलितों से बहुत आगे पाए जाते हैं:-

1. लिंग अनुपात :- नव बौद्धों में स्त्रियों और पुरुषों का अनुपात 953 प्रति हज़ार है जबकि हिन्दू दलितों में यह अनुपात केवल 936 ही है. इस से यह सिद्ध होता है कि नव बौद्धों में महिलायों की स्थिति हिन्दू दलितों से बहुत अच्छी है. नव बौद्धों में महिलायों का उच्च अनुपात बौद्ध धर्म में महिलायों के समानता के दर्जे के अनुसार ही है जबकि हिन्दू दलितों में महिलायों का अनुपात हिन्दू धर्म में महिलायों के निम्न दर्जे के अनुसार है. नव बौद्धों में महिलायों का यह अनुपात हिन्दुओं के 931, मुसलमानों के 936, सिक्खों के 893 और जैनियों के 940 से भी अधिक है.

2. बच्चों (0-6 वर्ष तक )  का लिंग अनुपात:- उपरोक्त जन गणना के अनुसार नव बौद्धों में 0-6 वर्ष तक के बच्चों में लड़कियों और लड़कों का लिंग अनुपात 942 है जब कि हिन्दू दलितों में यह अनुपात 935 है. यहाँ भी लड़के और लड़कियों का लिंग अनुपात धर्म में  उन के स्थान  के अनुसार ही है. नव बौद्धों में यह अनुपात हिन्दुओं के 931, मुसलामानों के 936, सिक्खों के 893 और जैनियों के 940 से भी ऊँचा है.

3. शिक्षा दर :- नव बौद्धों में शिक्षा दर 72.7% है जबकि हिन्दू दलितों में यह दर सिर्फ 54.7% है. नव बौद्धों का शिक्षा दर हिन्दुओं के 65.1% , मुसलमानों के 59.1% और सिक्खों के 69.7% से भी अधिक है. इस से स्पष्ट तौर से  यह सिद्ध होता है कि बौद्ध धर्म में ज्ञान और शिक्षा को अधिक महत्त्व देने के कारण  ही नव बौद्धों ने शिक्षा के क्षेत्र में काफी तरक्की की है जो कि हिन्दू दलितों कि अपेक्षा बहुत अधिक है.

४. महिलायों का शिक्षा दर:- नव बौद्धों में  महिलायों का शिक्षा दर 61.7% है जब कि हिन्दू दलितों में यह दर  केवल 54.7%  ही है. नव बौद्धों में महिलायों का शिक्षा दर हिन्दू महिलायों के 52.3%, और मुसलमानों के 50.1% से भी अधिक है. इस से यह सिद्ध होता है कि नव बौद्धों में महिलायों की शिक्षा की ओर अधिक ध्यान दिया जाता है.

5. कार्य सहभागिता दर (नियमित रोज़गार):- नव बौद्धों में कार्य सहभागिता दर 40.6% है जब कि हिन्दू दलितों में यह दर 40.4% है.  नव  बौद्धों का  कार्य सहभागिता दर हिन्दुओं के  40.4%, मुसलमानों के  31.3%, ईसाईयों के  39.7%, सिखों के  37.7% और जैनियों के  32.7% से भी अधिक है. इस से यह सिद्ध होता है कि नव बौद्ध बाकी  सभी वर्गों के मुकाबले में नियमित नौकरी करने वालों की  श्रेणी में सब से आगे हैं जो कि उनकी उच्च शिक्षा दर के कारण ही संभव हो सका है. इस कारण वे हिन्दू दलितों से आर्थिक तौर पर भी अधिक संपन्न हैं.

उपरोक्त तुलनात्मक अध्ययन से स्पष्ट है कि नव बौद्धों में लिंग अनुपात, शिक्षा दर, महिलायों का शिक्षा दर और कार्य सहभागिता  की दर न केवल हिन्दू दलितों बल्कि हिन्दुओं, मुसलमानों, सिक्खों और जैनियों से भी आगे है. इस का मुख्य  कारण उन का धर्म परिवर्तन  करके मानसिक गुलामी से मुक्त हो कर प्रगतिशील होना ही है.
इस के अतिरिक्त अलग अलग शोधकर्ताओं द्वारा किये गए अध्ययनों में यह पाया गया है  कि दलितों के जिन जिन परिवारों और उप जातियों ने डॉ. आंबेडकर और बौद्ध  धर्म को अपनाया है उन्होंने हिन्दू दलितों की अपेक्षा अधिक तरक्की की है. उन्होंने ने पुराने गंदे पेशे छोड़ कर नए साफ सुथरे पेशे अपनाये हैं. उन में शिक्षा की ओर अधिक झुकाव पैदा हुआ है. वे भाग्यवाद से मुक्त हो कर अपने पैरों पर खड़े हो गए हैं. वे जातिगत  हीन भावना से मुक्त हो कर अधिक स्वाभिमानी हो गए हैं. वे धर्म के नाम पर होने वाले आर्थिक शोषण से  भी मुक्त हुए हैं और उन्होंने अपनी आर्थिक हालत सुधारी है. उनकी महिलायों और बच्चों की हालत हिन्दू दलितों से बहुत अच्छी है.

उपरोक्त संक्षिप्त विवेचन से यह सिद्ध होता है कि बौद्ध धर्म ही वास्तव में दलितों के कल्याण और मुक्ति का सही मार्ग है . नव बौद्धों ने थोड़े से समय में हिन्दू दलितों के मुकाबले में बहुत तरक्की की है, उन की नव बौद्धों के रूप में एक नयी पहिचान बनी है. वे पहिले की अपेक्षा अधिक स्वाभिमानी और प्रगतिशील बने हैं.  उन का दुनिया और धर्म के  बारे में नजरिया  अधिक तार्किक  और विज्ञानवादी बना है. नव बौद्धों में  धर्म परिवर्तन के माध्यम से आये परिवर्तन और उन द्वारा की गयी प्रगति से हिन्दू दलितों को प्रेरणा लेनी चाहिए. उन को  हिन्दू धर्म की  मानसिक गुलामी से मुक्त हो कर नव बौद्धों की तरह  आगे बढ़ना चाहिए. वे एक नयी पहिचान प्राप्त कर जातपात के नरक से बाहर निकल कर समानता और स्वतंत्रता प्राप्त कर सकते हैं. इस के साथ ही नव बौद्धों को भी अच्छे बौद्ध बन कर हिन्दू दलितों के सामने अच्छी उदाहरण पेश करनी चाहिए ताकि बाबा साहेब का भारत को  बौद्धमय बनाने का सपना जल्दी से जल्दी साकार हो सके.





रविवार, 13 मई 2012

प्रो. पालशिकर ! मुझे खेद है : डॉ. आंबेडकर

    
        प्रो. पालशिकर ! मुझे  खेद है  : डॉ. आंबेडकर

                एस. आर. दारापुरी

            
प्रो. पालशिकर  कल आप के कार्यालय में तथाकथित रिपब्लिकन  पार्टी के  चार सदस्यों  द्वारा  मेरे कार्टून को लेकर जो तोड़फोड़ की गयी उसके लिए मुझे बहुत खेद है. मुझे विश्वास है कि शायद वे नहीं जानते कि उन्होंने क्या किया है. इस लिए आप उन्हें माफ़ कर दें. उनके इस कृत्य पर मैं भी बहुत  दुखी हूँ कि उन्होंने ऐसा क्यों किया. मैं समझ नहीं पा रहा हूँ कि  ऐसा करके उन्होंने मेरे कौन से आदर्श की पूर्ती की है. मैं तो जीवन भर दलितों के बोलने की आज़ादी की लड़ाई लड़ता रहा क्योंकि दलित सदियों से चुप्पी का शिकार रहे हैं. उन्हें सदियों से गूंगे बहरे बना कर रखा गया था. वे सदियों से सभी प्रकार का अपमान  सह कर चुप रहने के लिए बाध्य किये गए. मैंने भी यह सब झेला. पढ़  लिख कर  मैं उनकी ज़ुबान बना और मैंने उन्हें ज़ुबान देने की जीवन भर कोशिश की. परन्तु कल उन्होंने आप के साथ ऐसा करके मेरी ज़ुबान ही बंद कर दी .

नहीं ! मैं चुप नहीं रह सकता. मैं इस घटना पर अवश्य बोलूँगा क्योंकि यह सब कुछ मेरे नाम पर किया गया है. मुझे पता चला है कि यह सब एक पुस्तक में मेरे  से सम्बंधित एक कार्टून को लेकर किया गया है. इस में मुझे अपमानित किये  जाने का बहाना लेकर पहले तो पार्लियामेंट  में मेरे अति उत्साही अनुयाइओं ने दिनभर हंगामा किया और सदन का काम  काज नहीं चलने दिया. कुछ ने तो पुस्तक को तैयार करने वाले विद्वानों पर एससी एसटी एक्ट के अंतर्गत मुकदमा कायम करके कार्रवाही  करने की मांग कर डाली. मेरे एक शुभचिंतक ने तो इन पुस्तकों को तैयार करने वाली संस्था को ही भंग करने का प्रश्न उठा दिया. मुझे यह सब जान कर बहुत दुःख हुआ है. मैं तो जीवन भर पुस्तक प्रेमी रहा हूँ और मैंने जीवन भर अपनी लाइब्रेरी  में सभी प्रकार की पुस्तकों का संग्रह किया और उन्हें पढ़ा  भी था . अब अगर मेरे नाम पर किसी पुस्तक को प्रतिबंधित करने की मांग की जाती है तो आप अंदाज़ा लगा सकते हैं कि इस से मुझे कितना कष्ट होगा.

मुझे उम्मीद थी कि जब सदन में सरकार ने   किसी औचित्य पर विचार किये बिना  वोट की राजनीति के अंतर्गत  केवल कुछ लोगों के  दबाव में पुस्तक में से उस कार्टून को निकाल देने का आश्वासन दे दिया था तो उन्हें शांत हो जाना चाहिए था परन्तु उन्हें इस से भी संतुष्टि नहीं मिली और कल उन्होंने आप के कार्यालय में आ क़र तोड़फोड़ की कार्रवाही की जो कि मेरे द्वारा अपने विरोधियों के तमाम कटाक्षों और आलोचनायों को धैर्य से सुनने और शालीनता से उनका उत्तर देने के  स्वभाव का अपमान है. मैंने तो  अपने जीवन में  कितने कटाक्षों और आलोचनाओं का सामना किया था परन्तु मैं ने कभी भी  अपना मानसिक संतुलन नहीं खोया था.   मैं तो जीवन भर  वाल्टेयर के उस कथन का  कायल रहा हूँ जिस में उसने कहा था ," मैं आप से सहमत न होते हुए भी आप के ऐसा कहने के अधिकार की आखिरी सांस तक रक्षा करूँगा." मैंने गाँधी, नेहरु, पटेल न जाने कितने लोगों से गंभीर मुद्दों पर बहसें की थीं  परन्तु मैंने कभी भी विरोधियों के कथन को दबाने की कोशिश नहीं की बल्कि   हमेशा तर्क  और तथ्यों सहित  शालीनतापूर्वक उनका उत्तर दिया था . मैंने तो गाँधी जी को भी पहली मीटिंग में ही कहा था, "अगर आप मुझे मारना चाहते हैं तो सिद्धांतों से मारिये भावनायों से नहीं." अब अगर कुछ लोग मेरे नाम पर वार्तालाप का रास्ता छोड़ कर तोड़फोड़ का रास्ता अपनाते हैं तो यह मेरे सिद्धांतों  के बिलकुल खिलाफ है.

जिस कार्टून को लेकर ये सब हंगामा खड़ा किया गया है वह कार्टून तो १९४९ में  मेरे सामने  ही छपा था. मैं ने  भी  उसे देखा था और उसमें शंकर के संविधान निर्माण  की  धीमी गति को लेकर किये गए व्यंग और चिंता को  भी पहचाना था. मुझे यह बहुत अच्छा लगा था.  नेहरु और हम दोनों ही संविधान निर्माण की धीमी गति को लेकर चिंतित  रहते थे परन्तु संविधान निर्माण की प्रक्रिया में ऐसा होना स्वाभाविक था. बाद में मैंने २५ नवम्बर, १९४९ को संविधान को अंगीकार करने  वाले भाषण में संविधान निर्माण में लगे समय के औचित्य के बारे में सफाई भी दी थी. मुझे ज्ञात हुआ है कि उक्त कार्टून वाली पुस्तक में भी संविधान निर्माण की धीमी गति के कारणों का उल्लेख किया गया था और कार्टून के माध्यम से इस के बारे में छात्रों से प्रश्न पूछा गया था.  काश ! कार्टून में  मेरे अपमान के नाम पर तोड़फोड़ और हंगामा  करने वालों ने भी पुस्तक में  कार्टून के सन्दर्भ को पढ़ा  होता तो शायद वे ऐसा नहीं करते.

मैंने जीवन भर विरोध के संविधानिक तरीकों  की  ही वकालत की थी. मैंने अपने जीवन काल में जो भी आन्दोलन किये वे सभी शांति पूर्ण और कानून के दायरे में ही थे.  मैं ने कभी भी हिंसा और तोड़फोड़ की सलाह  नहीं दी थी. मेरे नाम पर तोड़फोड़ करने वालों को मैं सलाह दूंगा कि वे मेरे संविधान अंगीकार के अवसर पर दिए भाषण के उस अंश को ज़रूर पढ़  लें जिस में मैंने कहा था, "हमें सत्याग्रह, असहयोग और अवज्ञा के तरीकों को छोड़ देना चाहिए. जब  सामाजिक और आर्थिक  उद्देश्यों  को संवैधानिक तरीके से  प्राप्त करने के साधन न बचे हों तो तो गैर संवैधानिक तरीके अपनाने का  कुछ औचित्य हो सकता है. परन्तु जहाँ संवैधानिक तरीके उपलब्ध हों तो गैर संवैधानिक तरीकों को अपनाने का कोई औचित्य नहीं हो सकता. यह तरीके अराजकता का व्याकरण हैं  और इन्हें जितनी जल्दी छोड़ दिया जाये उतना ही हमारे लिए अच्छा होगा."

मुझे आज यह देख कर बहुत दुःख होता है  जब मैं देखता हूँ कि हमारे देश में विरोध की आवाज़ को सरकारी और गैर सरकारी तौर पर दबाने की कितनी कोशिश की जा रही है. मैं जानता हूँ कि हम लोगों ने संविधान में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का समावेश कितनी उम्मीद के साथ किया था. आज मैं देखता हूँ कि कुछ लोग अपने संख्याबल या बाहुबल से कमज़ोर लोगों की  सही आवाज़ को   दबाने में सफल हो जाते हैं. आज की सरकारें भी इसी प्रकार से जनता की आवाज़ को दबा देती हैं. हमारे देश में से तर्क और बहस का माहौल ख़त्म हो चुका है. मैं जानता हूँ कि कुछ लोग धर्म  अथवा सम्प्रदाय की भावनाओं के आहत होने की बात कर के दूसरों की आवाज़ को दबा देते हैं. मैंने देखा है कि किस तरह कुछ लोगों ने हो हल्ला करके शिवाजी पर लिखी गयी पुस्तक, तसलीमा नसरीन तथा सलमान रश्दी द्वारा लिखी गयी पुस्तकों को प्रतिबंधित करवा दिया था. इन लोगों ने तो मुझे भी नहीं बख्शा था. आप को याद होगा कि जब महाराष्ट्र सरकार ने मेरी अप्रकाशित पुस्तक "रिडल्स इन हिन्दुइज्म' को प्रकाशित  करवाया था तो किस प्रकार कुछ लोगों ने इसे हिन्दू तथा हिन्दू देवी देवता विरोधी कह कर इसे  प्रतिबंधित करने की मांग उठाई थी. यह तो मेरे दलित अनुयाइओं और बुद्धिजीवियों  का ही प्रयास था कि उन्होंने इस के पक्ष में बम्बई में भारी  जन प्रदर्शन करके इसे बचा लिया था.  परन्तु कल उन्होंने जो कुछ किया है वह तो अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के बिलकुल खिलाफ है.  कल अगर कुछ लोग मेरे द्वारा  लिखी गयी पुस्तकों में अंकित आलोचना को लेकर मेरी पुस्तकों को प्रतिबंधित करने की मांग  उठा दें तो दलितों के पास इस के विरोध का क्या तर्क बचेगा.

मैं समझता हूँ कि मेरे दलित अनुयायी ऐसा क्यों करते हैं. मैं जानता हूँ कि वे मेरा  कितना सम्मान करते हैं. वे मुझ से भावनात्मक तौर पर किस सीमा तक  जुड़े हुए हैं. जब कभी कोई भी उन्हें मेरे बारे में कुछ भी सही या गलत बता देता है तो वे भड़क जाते हैं और इस प्रकार  की  कार्रवाही कर बैठते हैं. इस में उनका कसूर नहीं हैं. वे अपने नेताओं द्वारा गुमराह कर दिए जाते हैं. उनमें से तो  बहुतों  ने मुझे पूरी तरह से  पढ़ा भी नहीं है. अतः वे दूसरों द्वारानिर्देशित हो जाते हैं. मुझे लगता है दलितों ने मेरे  " शिक्षित करो, संघर्ष करो और संघटित करो "  नारे को सही रूप में  समझा नहीं है. मुझे यह भी देख कर बहुत दुःख  होता है कि मेरे नाम पर आज किस प्रकार  की दलित राजनीति हो  रही है. मेरे द्वारा बहुत उम्मीद के साथ बनायीं गयी रिपब्लिकन  पार्टी आज कितने टुकड़ों में बंट चुकी  है और उसके नेता व्यक्तिगत लाभ के लिए किस तरह  के  सिद्धान्तहीन एवं अवसरवादी गठ जोड़ कर ले रहे हैं. वे दलितों के मुद्दों के स्थान पर विशुद्ध वोट बैंक  और सत्ता की राजनीति कर रहे हैं और लोगों का भावनात्मक  शोषण कर रहे हैं. इस कार्टून के मामले में भी ऐसा ही हो रहा है.

मुझे यह देख कर बहुत कष्ट होता है कि मेरे कुछ अतिउत्साही और अज्ञानी अनुयायियों ने मुझे केवल दलितों का ही मसीहा बना  कर रख दिया है. मैं तो पूरे राष्ट्र का हूँ. मैंने जब स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व की बात की थी तो यह  केवल दलितों के लिए ही  नहीं की  थी. मैंने इसे देश के सभी लोगों के लिए माँगा  था. मैंने  जब हिन्दू कोड बिल बनाया था  तो  मैंने  इस में सम्पूर्ण हिन्दू नारी की मुक्ति की बात उठाई थी. हाँ मैंने दलितों को कुछ विशेष अधिकार ज़रूर दिलाये थे जो कि उनको समानता का अधिकार प्राप्त कराने के लिए ज़रूरी थे. अतः मेरा अपने अनुयाइओं और प्रशंसकों  से अनुरोध है  कि वे मुझे एक जाति  के दायरे में न बांध कर पूरे राष्ट्र के फलक पर देखें.
 
मेरा अपने अनुयाइओं से यह भी अनुरोध है कि वे मुझे देवता न बनायें क्योंकि मैं इन्सान के रूप में ही रहना पसंद करता  हूँ. मुझे लगता है कि आप लोगों ने व्यक्ति पूजा के बारे में मेरे कहे गए उन शब्दों को भुला दिया है जिस में मैंने कहा था, "  यदि आप ने शुरू में ही इसे ख़त्म नहीं किया तो व्यक्ति पूजा का विचार आप लोगों को बर्बाद कर देगा. किसी व्यक्ति को देवता बना कर आप अपनी  सुरक्षा और मुक्ति के लिए एक व्यक्ति में विश्वास करने लगते हैं जिस का नतीजा यह होता है कि आप  को आश्रित होने  और अपने कर्तव्य से विमुख होने की आदत पड़ जाती है. अगर आप इन विचारों का शिकार हो गए तो आप की हालत राष्ट्रीय जीवन धारा में लकड़ी के लट्ठे से भी बुरी  हो जाएगी. आप का संघर्ष बिलकुल बेकार हो जायेगा." मुझे लगता है कि मेरे अनुयायी मेरे कार्टून पर आपत्ति करके मुझे देवता बनाने पर तुले हुए हैं.   मैं किसी का  भी पैगम्बर नहीं  बनना चाहता. मैं बुद्ध की तरह एक इंसान ही रहना  चाहता हूँ.  मैंने अपने जीवन में कितने लोगों की कितनी  कड़वी आलोचना की थी और अपनी आलोचना सही भी थी. दुनिया में कोई भी व्यक्ति गलती से परे नहीं है. अतः आलोचना सार्वजनिक का एक आवश्यक अंग है.

 
मैं अपने अनुयायियों से यह भी अनुरोध करता हूँ कि वे मेरे जीवन दर्शन और मेरे जीवन मूल्यों को सही तरीके से  जानें  और उन्हें  अपने आचरण में उतारें. उन्हें यह भी स्पष्ट तौर पर समझ लेना चाहिए कि उनकी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता तभी सुरक्षित रहेगी जब वे दूसरों की स्वतंत्रता की रक्षा करेंगे अन्यथा वे देश में बढ़ते फासीवाद और कट्टरपंथ को ही मज़बूत करेंगे.  मेरे नाम पर राजनीति करने वाले नेताओं  से भी मुझे कहना है कि वे  दलितों का  भावनात्मक शोषण, वोट बैंक  और जाति की राजनीति के स्थान पर मुद्दों  पर आधारित मूल परिवर्तन की राजनीति करें जिस से न केवल दलितों बल्कि सभी भारतवासियों का कल्याण होगा.

 
प्रो. पालशिकर ! अन्तः में मैं आप के साथ मेरे तथाकथित  कुछ अनुयायियों द्वारा  किये गए दुर्व्यवहार के लिए  पुनः खेद प्रकट करता हूँ.


दीपावली और भारत की सांस्कृतिक विरासत पर विमर्श: बौद्ध परंपराएँ, ब्राह्मणवादी समावेशन और ऐतिहासिक स्मृति की राजनीति — एक आंबेडकरवादी परिप्रेक्ष्य

       दीपावली और भारत की सांस्कृतिक विरासत पर विमर्श: बौद्ध परंपराएँ , ब्राह्मणवादी समावेशन और ऐतिहासिक स्मृति की राजनीति — एक आंबेडकरवाद...